पटना । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन 2 से 4 सितंबर तक इस्काॅन कर रहा है। पहली बार इस्काॅन मंदिर हाॅल में ही भव्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। बरसाना के नंदू महाराज एवं उनकी टीम राधा-कृष्ण लीला पेश करेंगे। तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन उद्योगपति एल.एन. पोद्दार करेंगे।
इस्काॅन पटना के अध्यक्ष कृष्ण कृपा दास ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जीव का भगवान के साथ संबंध स्थापित करने का महोत्सव है। जीव भगवान की कृपा को भूले नहीं, इसलिए भगवान समय-समय पर अपने परिकरों को भेजते हैं। कभी-कभी स्वयं भी आ जाते हैं। इस्काॅन विश्व में जीव जागरण के लिए यह महोत्सव का आयोजन करता है। श्रद्धालुओं को महाभिषेक के विलक्षण दृश्य का अवलोकन कर जीवन सार्थक करना चाहिए।
इस्काॅन पटना के प्रवक्ता नंद गोपाल दास ने तीन दिवसीय महोत्सव के कार्यक्रमों की जानकारी दी।
2 सितंबर : संध्या 5 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक सुमधुर नाम संकीर्तन, भव्य आरती एवं राधा कृष्ण लीला ।
3 सितंबर : संध्या 5 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक सुमधुर नाम संकीर्तन, भव्य आरती, राधा कृष्ण लीला, 108 चांदी शंख कलश से अभिषेक, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव महात्मय एवं महाप्रसाद वितरण ।
4 सितंबर : अपराह्न 12 बजे से 2 बजे तक इस्काॅन के संस्थापक ए.सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद का 122वां आविर्भाव महोत्सव, महाप्रसाद का वितरण।