राजगीर/11.11.18 । राजगीर मेें बौद्धगुरु जे खेम्पो की उपस्थिति में भूटानी टेंपल का शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया । उन्होंने कहा राजगीर में भूटानी मंदिर के निर्माण से भारत और भूटान के संबंध और मजबूत होंगे । जे खेम्पो ने भूटानी मंदिर निर्माण के लिए बिहार सरकार से मिली 2.8 एकड़ जमीन एवं अन्य सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
सीएम ने कहा कि भूटान और भारत राजनयिक संबंधों का संयुक्त 50 वां वर्ष मना रहे हैं । ऐसे मौके पर मंदिर का निर्माण बिहार के लिए गौरव की बात है । आज जीडीपी की बात की जा रही है, लेकिन भूटान में लोग कैसे खुश रहें । इस पर काम हो रहा है । भूटान नरेश ने सकल राष्ट्रीय प्रसन्नता की अवधारणा दी। इसके लिए उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा व लोकतंत्र जैसी चीजों को आधार बनाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भूटान में पर्यावरण के प्रति लोगों का काफी लगाव है । वहां सरकार ने न्यूनतम 60 प्रतिशत वनाच्छादित क्षेत्र तय कर दिया है । मई 2011 में भूटान जाने का मुझे मौका मिला, तो 72 प्रतिशत वनाच्छादित था । पनबिजली क्षेत्र में भी वहां काफी संभावनाएं हैं। 30 हजार मेगावाट बिजली परियोजना की क्षमता है । अभी 10 हजार मेगावाट पनबिजली परियोजना पर काम हो रहा है।
सीएम एवं जे खेम्पो ने परस्पर प्रतीक चिन्ह का आदान-प्रदान कर एक दूसरे का सम्मान किया । भूटान और बिहार के कलाकारों ने भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया । इस मौके पर ग्यालट्रल रिनपोचे, भारत में भूटान के राजदूत मेजर जेनरल वी. नारेंग्येल, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, राॅयल गवर्नमेंट आॅफ भूटान के पदाधिकारी, बौद्ध श्रद्धालु समेत गण्यमान्य मौजूद थे।