मुख्य समाचार

23 आइटम पर घटा टैक्स, सीमेंट पर 28 फीसदी बरकरार

नई दिल्ली/22.12.18 । जीएसटी काउंसिल ने 17 प्रोडक्ट और 6 सेवाओं समेत 23 आइटम पर टैक्स घटा दिया है । घटी हुई दर 1 जनवरी 2019 से लागू होगी । जीएसटी काउंसिल की 31 वीं बैठक के बाद वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि 7 प्रोडक्ट 28 फीसदी स्लैब से बाहर आ गये हैं । 28 फीसदी स्लैब में केवल 28 वस्तुएं रह गई हैं , जो लग्जरी हैं । 

सीमेंट और कुछ ऑटो पार्ट्स पर पहले की तरह 28 फीसदी टैक्स बना रहेगा । सीमेंट में 13000 करोड़ राजस्व क्षति को देखते हुए कोई निर्णय नहीं हो सका । जीएसटी काउंसिल की अगली बैठक जनवरी, 2019 में होगी । रियल एस्टेट सेक्टर में टैक्स समस्याओं के निदान के लिए एक पैनल का गठन होगा।

32 इंच तक के टीवी सेट ,कंप्यूटर मॉनिटर, टायर, लीथियम बैटरी , वीडियो गेम एवं खेल सामान पर टैक्स 28 से 18, फुट वियर पर 18 से 12, व्हील चेयर पर 28 से पांच, धार्मिक यात्रा पर 18 से 12 एवं 5 और फ्रोजन वेजिटेबल पर जीएसटी पांच फीसदी से घटाकर शून्य कर दिया गया है।

मूवी प्रेमियों को राहत मिली है । 100 रुपये से कम के टिकट पर जीएसटी 18 से 12 फीसदी एवं 100 से अधिक के टिकट पर जीएसटी 28 से 18 फीसदी किया गया है । थर्ड पार्टी व्हेकिल इंश्यारेंस पर अब टैक्स 12 फीसदी लगेगा , पहले यह 18 था ।

वित्त मंत्री ने बताया कि जीएसटी वसूली उम्मीद से कम हुई है । हालांकि महाराष्ट्र और बंगाल में वसूली अच्छी हुई । केरल आपदा सेस लगाने पर विचार जारी है।


संबंधित खबरें