मुख्य समाचार

आयकर का भुगतान कर राष्ट्र के विकास में बनें भागीदार

पटना/11.07.19। प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त (बिहार-झारखंड) शंभु दत्त झा ने लोगों से अपील की है कि आयकर का भुगतान कर राष्ट्र के विकास में अपना योगदान दें। आयकर के मामले में लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। इसके लिए समय-समय पर ओपन हाउस का आयोजन किया जाता है। प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त बिहार चैंबर ऑफ  काॅमर्स में कारोबारियों को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य करदाताओं को परेशान करना नहीं है बल्कि उन्हें सही जानकारी देकर एक ईमानदार नागरिक बनाना है। टीडीएस संबंधित शिकायतों को दूर करने के प्रति विभाग सजग है, लेकिन टैक्स छुपाने वालों के साथ कोई समझौता नहीं होगा। 

बिहार चैंबर ऑफ काॅमर्स के अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने कहा कि विभाग के प्रयास से दो वर्षों में टैक्स कलेक्शन करीब दो हजार करोड़ एवं नये करदाताओं की संख्या में 10 लाख की वृद्धि हुई है। हाल में विभाग के ओपन हाउस सेशन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह का आयोजन राज्य के प्रमुख शहरों में भी होना चाहिए। इससे करदाताओं को अपनी परेशानी का समाधान मिल जाता है। 

आयकर आयुक्त आरएस मिश्रा ने भी अपने विचारों को रखा। इस मौके पर बिहार चैंबर ऑफ काॅमर्स के पूर्व अध्यक्ष ओपी शाह, उपाध्यक्ष एनके ठाकुर, मुकेश कुमार जैन, सभी सदस्य एवं विभिन्न व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे।    
 


संबंधित खबरें