मुख्य समाचार

कॉरपोरेट टैक्स में बड़ी कटौती सेे उद्योग जगत खुश, शेयर बाजार में मनी दिवाली

पणजी/मुंबई/20.09.19। गोवा में जीएसटी काउंसिल की बैठक से पहले केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीता रमण ने अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने के लिए कई बड़ी घोषणाएं की। इन घोषणाओं को उद्योग जगत ने सराहा एवं शेयर बाजार ने पहले ही दिवाली मना ली। लंबे समय के बाद सेंसेक्स में एक दिन में 2200 से भी अधिक अंकों की उछाल देखी गई। सेंसेक्स 1921 एवं निफ्टी 569 अंकों की तेजी के साथ बंद हुआ।     

कंपनियों के लिए कॉरपोरेट टैक्स करीब 10 प्रतिशत घटाकर 25.17 प्रतिशत एवं नई कंपनियों के लिए 17.01 प्रतिशत की गई है। आयकर अधिनियम के नये प्रावधान वित्त वर्ष 2019-20 से ही प्रभावी होंगे। 

कोई भी घरेलू कंपनी 22 प्रतिशत की दर से आयकर का भुगतान करेगी। अधिशेष और उपकर को मिलाकर प्रभावी दर 25.17 प्रतिशत होगा। हालांकि इसके लिए शर्त होगी कि कंपनी किसी कर छूट एवं प्रोत्साहन का लाभ नहीं लेगी। वर्तमान में तीस फीसदी कंपनियां 34.94 प्रतिशत  एवं नई कंपनियां 29.12 प्रतिशत कॉरपोरेट कर के दायरे में हैं। 

वित्त मंत्री ने कहा कि यदि कोई कंपनी कर छूट एवं प्रोत्साहन का लाभ उठाती हैं, तो उन्हें पुरानी दरों पर टैक्स देना होगा। पुरानी कंपनियों के लिए न्यूनतम वैकल्पिक कर (MAT) 18.5 प्रतिशत से घटाकर 15 प्रतिशत की गई है। नई कंपनियों पर (MAT) नहीं लगेगा । पांच जुलाई के बजट में अधिक आय पर घोषित सरचार्ज एवं इक्विटी कैपिटल गेन टैक्स पर सरचार्ज को भी समाप्त करने की घोषणा की गई।  

वित्त मंत्री की आज की घोषणाओं से निवेश को प्रोत्साहन एवं रोजगार सृजन को गति मिलेगी। हालांकि इससे राजस्व में सालाना 1.45 लाख करोड़ रुपये की कमी का अनुमान है। इससे पहले वित्तमंत्री चार किस्तों में राहत की घोषणा कर चुकी हैं।


संबंधित खबरें