पटना । राजधानी में जल प्रलय के बाद डेंगू का कहर जारी है। पैसे के अभाव में डेंगू की जांच नहीं करा पाने वालों के लिए मां वैष्णो देवी सेवा समिति ने व्यवस्था की है। तारामंडल के सामने पंचलोक डायग्नोस्टिक सेंटर के सहयोग से निःशुल्क जांच हो रहा है। इसके लिए जरूरतमंद मोबाइल नंबर 9334023751, 9308393446 पर संपर्क कर सकते हैं।
समिति के मुकेश हिसारिया ने बताया कि पंचलोक डायग्नोस्टिक में हुई जांच में अब तक 33 डेंगू मरीजों की पहचान हुई है। चिकित्सकों से मिली जानकारी के आधार पर डेंगू से घबराने की जरूरत नहीं है। पांच दिनों के बाद इसका असर कम होने लगता है। इस दौरान सिर्फ अधिक से अधिक तरल पदार्थ जैसे नारियल पानी और ओआरएस का सेवन करना चाहिए।
प्लेटलेट्स की लगातार माॅनिटरिंग करते रहें। विशेषज्ञ बताते हैं कि प्लेटलेट्स दस हजार से नीचे आने और शरीर के किसी हिस्से से ब्लिडिंग होने पर ही प्लेटलेट्स चढ़ाना चाहिए। बुखार, खांसी, जुकाम एवं सिर दर्द होने पर पेरासिटामॉल लें ओर फिजिशियन को दिखाएं। आस-पास एवं घर में पानी वाले एरिया को साफ रखें। साथ ही हाथ-पैर को कपड़ों से ढक कर रखें, ताकि दिन में मच्छर नहीं काटे।