पटना। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल ने सुनो वक्त की पुकार, करें प्लास्टिक से इनकार अभियान की शुरुआत की। राजकीय कन्या विद्यालय, अमला टोला परिसर से अभियान की शुरूआत हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य प्लास्टिक से पर्यावरण एवं स्वास्थ्य को नुकसान की जानकारी देना था।
मानव श्रृंखला बनाकर एवं नुक्कड़ नाटक से सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार का संदेश दिया गया। बहनों ने स्वच्छ भारत गीत प्रस्तुत किया। महिला मंडल की अध्यक्ष चंचल बैंगानी एवं मंत्री पुष्पा बैद ने अभियान की गतिविधि की जानकारी दी। रत्ना पुरकायस्थ, विमल जैन एवं सरोज पाटनी ने जागरूकता फैलाने पर जोर दिया। मुख्य अतिथि किरण घई ने महिला मंडल के कार्यक्रमों की सराहना की।
पेंटिंग प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ १० प्रतिभागी पुरस्कृत किये गये। इस अवसर पर तेरापंथ सभा पटना के अध्यक्ष विजय सिंह बोथरा, महामंत्री मनोज बैंगानी सहित समाज के अन्य सदस्य, महिला मंडल की बहनें एवं स्कूल के शिक्षक उपस्थित थे।