पटना । दीपावली एवं छठ को देखते हुए खोआ, बेसन, घी, तेल एवं मिठाई समेत कई खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों पर जिला प्रशासन की कार्रवाई शुरू हो गई है। इसके लिए टीम गठित की गई है।
पटना सदर क्षेत्र के डाकबंगला एवं अनीसाबाद क्षेत्र में आज छापेमारी की गई। इस दौरान खोआ, दही, गुलाब जामुन, काजू बर्फी, बेसन गजक, चीज एवं पनीर के नमूने लिये गये। अनिसाबाद चौराहा स्थित संगम पीस होटल में जांच दल ने कारखाने से सैंपल लिये।
होटल पाटलिपुत्रा इंटेरनेशनल में पनीर में गड़बड़ी मिली, जिसे नष्ट कर दिया। वहां से अन्य सामान के भी नमूने लिये गये। फोरेस्टो पेराडाईज से भी मिठाई के नमूने लिये गये। सभी नमूनों को जांच दल ने जांच के लिए लैब भेज दिया है। बार्वीक्युनेशन रेस्टोरेंट में वेज और नाॅनवेज आईटम एक ही फ्रीज में रखा हुआ मिला। जांच दल ने उसे अलग-अलग रखने का निर्देश दिया।
डीएम कुमार रवि ने बताया कि टीम जिला के सभी क्षेत्रों में होटल एवं मिठाई दुकानों की जांच कर रही है। संदेहास्पद नमूनों को लैब भेजा जा रहा है। रिपोर्ट में गड़बड़ी पाये जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान पर कार्रवाई होगी।