पटना। राज्य की सभी पंचायतों में 20 नवंबर से 5 दिसंबर, 2019 तक किसान चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। रबी मौसम में किसानों के द्वार पर किसानों की समस्या से अवगत होने, उनका समाधान करने एवं केंद्र-राज्य की योजनाओं की जानकारी देने के लिए किसान चौपाल की व्यवस्था की गई है।
किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों से अवगत कराया जायेगा। कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने कहा कि किसान चौपाल का आयोजन सभी पंचायतों के सभी गांवों में बारी-बारी से किया जायेगा। पिछले खरीफ मौसम में भी चौपाल का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक एवं विशेषज्ञों के माध्यम से किसानों को कृषि एवं इससे संबद्ध क्षेत्रों से संबंधित नवीनतम तकनीक की जानकारियां अन्नदाता तक पहुंचाई जायेगी।
साथ ही किसान हित समूह, खाद्य सुरक्षा समूह तथा किसान उत्पादन संगठन के गठन की जानकारी किसानों को उपलब्ध कराते हुए उत्पादन से लेकर विपणन तक में आने वाली समस्याओं का समाधान किया जायेगा।
किसान चौपाल में भाग लेकर किसान, पदाधिकारी एवं प्रसार कर्मी आपस में भावनात्मक रूप से जुड़ेंगे । इसके माध्यम से किसानों को कृषि के अलावा पशुपालन, मत्स्य एवं सहकारिता विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की भी जानकारी दी जायेगी। इन विषयों पर राज्य के किसानों से सुझाव भी लिये जायेंगे।किसान चौपाल के आयोजन का मुख्य उद्देश्य 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी करने एवं हर भारतीय की थाल में बिहार का एक व्यंजन पहुुंचाने का है।