मुख्य समाचार

2.64 लाख श्रमिकों के खाते में भेजी गई 112 करोड़ राशि

पटना । 2.64 लाख निबंधित श्रमिकों के खाते में चिकित्सा सहायता मद की 112 करोड़ राशि डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने ट्रांसफर की। उन्होंने कहा कि असंगठित क्षेत्र के मजदूर, व्यापारी एवं स्वरोजगारियों के लिए शुरू की गई पेंशन योजना में लाभार्थी के अंशदान के समतुल्य केंद्र सरकार भी अंशदान दे रही है। 

डिप्टी सीएम एसके मेमोरियल हाॅल में पेंशन सप्ताह (30 नवंबर से 6 दिसंबर) समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह का आयोजन श्रम संसाधन विभाग ने किया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना के लाभार्थियों की प्रीमियम राशि पांच साल तक राज्य सरकार जमा करेगी। अटल पेंशन, पीएम सुरक्षा बीमा एवं जीवन ज्योति बीमा योजना से अब तक 2 करोड़ 90 लाख लोग लाभान्वित हुए हैं। 

अटल पेंशन योजना में बिहार के 17 लाख लोग शामिल हैं। 5278 लोगों को दुर्घटना एवं मृत्यु की स्थिति में दो-दो लाख रुपये का भुगतान किया गया है। पीएम जनधन योजना के तहत 4 करोड़ 55 लाख खातों में 10 हजार करोड़ से अधिक राशि जमा है। बैंकों ने 26 लाख लोगों को 298 करोड़ का छोटा कर्ज दिया है।

बिहार में 2017-18 में 59 लाख 73 हजार वृद्ध, विधवा और दिव्यांगों को 2231 करोड़ रुपये और 2018-19 में 63 लाख 34 हजार को 2,980 करोड़ राशि सामाजिक सुरक्षा पेंशन मद में दी गयी। 60 से अधिक उम्र के सभी को पेंशन देने का राज्य सरकार ने निर्णय लिया है। अभी तक 16 लाख लोगों ने आवेदन दिया है।

इस मौके पर महापौर सीता साहू, श्रम संसाधन मंत्री विजय कुमार सिन्हा एवं अपर मुख्य सचिव सुधीर कुमार ने भी अपने विचारों को रखा। 
 


संबंधित खबरें