मुख्य समाचार

जल-जीवन-हरियाली अभियान के लिए बनेगी मानव श्रृंखला          

बेतिया/03.12.19 । जल-जीवन-हरियाली अभियान के लिए आयोजित जागरूकता सम्मेलन में 1032 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। पश्चिम चंपारण जिले के बगहा 2 प्रखंड के चंपापुर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन से बचने एवं पर्यावरण को ठीक रखने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। 19 जनवरी 2020 को जल-जीवन-हरियाली अभियान को लेकर मानव श्रृंखला बनायेंगे, जो पहले बनी मानव श्रृंखला के सभी रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देगा। 45 मिनट तक एक-दूसरे का हाथ पकड़कर बिहार के लोग दुनिया को जलवायु परिवर्तन में सुधार का संदेश देंगे। 

यह लोगों को समझाना होगा कि जल और हरियाली के बीच ही जीवन है। इस अभियान के तहत अगले तीन वर्षों में 24 हजार करोड़ राशि खर्च की जायेगी। इससे जलवायु परिवर्तन में सुधार लाने की दिशा में कई कार्य किये जायेंगे। जल-जीवन-हरियाली यात्रा के तहत हम पूरे बिहार में जाकर पर्यावरण संतुलन बनाये रखने के प्रति लोगों को प्रेरित करेंगे।

उन्होंने कहा कि हमने हर यात्रा की शुरुआत पश्चिम चंपारण से की है। इस यात्रा के माध्यम से पर्यावरण संतुलन के प्रति लोगों को सचेत करना है ताकि हमारी आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ वातावरण के साथ शुद्ध पेयजल भी मिलता रहे। एक अणे मार्ग स्थित सीएम आवास में जापान के वैज्ञानिकों ने मियांवाकी तकनीक का उपयोग कर 256 पौधे लगाये हैं। इस तकनीक के जरिये दो साल में ही पेड़ की ऊंचाई 10 साल के बराबर हो जाती है। फरवरी माह में जो बच्चे मुख्यमंत्री आवास का भ्रमण करने आयेंगे, उन्हें इस प्रयोग को दिखाया जायेगा। 

जनसभा को खाद्य उपभोक्ता संरक्षण मंत्री सह पश्चिम चंपारण जिले के प्रभारी मंत्री मदन सहनी, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खुर्शीद, मुख्य सचिव दीपक कुमार, डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय एवं तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त पंकज कुमार ने भी संबोधित किया।


संबंधित खबरें