पटना । तरुमित्र की ओर से दीघा स्थित आश्रम में आयोजित जैविक धान कटनी उत्सव की शुरूआत डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने की। उन्होंने कहा कि तरूमित्र संस्था जिस तरह स्कूल के बच्चों को जैविक खेती, जैविक खाद, कचरे से उपयोगी सामान बनाने, इको फ्रेंडली वातावरण का निर्माण, पौधारोपण एवं जल संरक्षण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दे रही है। वह सराहनीय है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि जलवायु परिवर्तन का सर्वाधिक असर बच्चों के स्वास्थ्य और कृषि पर पड़ रहा है। सामूहिक जिम्मेवारी के साथ प्रयास करना होगा। एक साल में एक पौधा जरूर लगाएं और संतान की तरह उसकी देखभाल करें। दुनिया में मौजूद पानी का मात्र तीन प्रतिशत ही पीने योग्य है। इसलिए हमें एक-एक बूंद पानी को बचाना है। वर्षा जल का संचयन एवं धरती को रिचार्ज कर भूगर्भ जल के स्तर को बरकरार रखना होगा।
पेड़-पौधे, जीव-जंतु, पशु-पक्षी, नदी-पहाड़ से हमारे जीवन का अस्तित्व जुड़ा हुआ है। हमारी संस्कृति में सदियों से इनकी पूजा की परंपरा रही है। हमें प्रकृति के साथ जुड़ाव स्थापित करने की जरूरत है। पानी और बिजली जरूरत के अनुसार इस्तेमाल कर प्राकृतिक श्रोतों केे अनावश्यक दोहन से बचना होगा। धरती सभी की जरूरतों को पूरा करने में सक्षम है, लेकिन हमारे लालच को पूरा नहीं कर सकती है।