दरभंगा/12.12.19। जल-जीवन-हरियाली यात्रा के दूसरे चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दरभंगा जिले के बेनीपुर प्रखंड में 1051.71 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने महाकवि बाबा नागार्जुन की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। साथ ही जीविका से जुड़ीं महिला लाभुकों को ट्रैक्टर की चाबी भी दी।
सीएम ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि दरभंगा में 164 करोड़ रुपये की लागत से तारामंडल सह विज्ञान संग्रहालय और 40 करोड़ की लागत से इंजीनियरिंग कॉलेज का निर्माण कराया जा रहा है। दरभंगा जिले में जल-जीवन-हरियाली अभियान और सात निश्चय योजना के तहत अच्छा काम हो रहा है। इस साल भूजल स्तर दक्षिण बिहार एवं उत्तर बिहार के दरभंगा में काफी नीचे चला गया था। मिथिला क्षेत्र में तालाब कम होते जा रहे हैं। इस कारण भूजल स्तर में गिरावट आ रही है।

उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बिल गेट्स ने बिहार में जलवायु परिवर्तन पर हो रहे काम को जानने के बाद दिल्ली में इसकी प्रशंसा की थी।जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत 11 सूत्री कार्यक्रम को सामूहिक प्रयास से मिशन मोड में पूरा करना है। इससे जलवायु परिवर्तन के कारण उत्पन्न संकट से लोगों को निजात मिलेगी। इसके लिए सोखते का निर्माण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, बड़े पैमाने पर पौधारोपण, आहर-पईन, तालाब, सार्वजनिक कुंओं एवं नलकूप के जीर्णोद्धार के साथ ही उन्हें अतिक्रमण से मुक्त कराया जायेगा।
खेतों में फसल अवशेष (पुआल) जलाने की सलाह देने वाले लोग पर्यावरण के दुश्मन हैं। खेतों में फसल अवशेष जलाने से मिट्टी की उर्वराशक्ति कम हो जाती है। फसल अवशेष प्रबंधन को भी अभियान से जोड़ा गया है। इससे जलवायु परिवर्तन में सुधार होगा। अगले तीन साल में आठ करोड़ पौधे और लगाये जायेंगे ताकि हरित आवरण 17 प्रतिशत से अधिक हो सके।
जनसभा को योजना एवं विकास मंत्री महेश्वर हजारी, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री मदन सहनी, मुख्य सचिव, डीजीपी एवं दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त मयंक बड़बड़े ने भी संबोधित किया।