पटना/30.12.19। कृषि विभाग में नवनियुक्त 41 सहायक निदेशकों को कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने नियुक्ति पत्र दिया। इस तरह विभाग वर्ष 2019 में 137 राजपत्रित पदाधिकारियों को नियुक्त कर चुका है। समारोह में पूर्णिया जिले के लिए संविदा पर नियुक्त प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (बीटीएम) और सहायक तकनीकी प्रबंधकों को भी नियुक्ति पत्र दिया गया।
बामेती सभागार में कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने कहा कि नवनियुक्त पदाधिकारियों की नियुक्ति से जिलास्तरीय मिट्टी जांच प्रयोगशाला मजबूत होगी। किसानों को मिट्टी स्वास्थ्य कार्ड भी शीघ्र मिलेगा। उम्मीद है कि ये अधिकारी विभाग में पूरी ईमानदारी से कार्य कर विभाग को नये मुकाम तक ले जायेंगे। पूर्णिया जिला के लिए संविदा पर नियुक्त प्रखंड तकनीकी प्रबंधक तथा सहायक तकनीकी प्रबंधकों की नियुक्ति से वहां कृषि विभाग की योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रचार-प्रसार करने में मदद मिलेगी। साथ ही किसान चौपाल एवं किसान पाठशाला कार्यक्रमों के सफल आयोजन में भी सहायता मिलेगी।
कृषि विभाग 2019 से राजपत्रित अधिकारियों की सीधी नियुक्ति कर रहा है। इससे पहले कृषि विभाग के रसायन संभाग में वर्ष 2000 में अधिकारियों की सीधी नियुक्ति हुई थी। 41 सहायक निदेशक बिहार कृषि सेवा कोटि-3 (रसायन) से पहले इसी वर्ष बिहार कृषि सेवा कोटि-2 (कृषि अभियंत्रण) संवर्ग के 60 सहायक निदेशक एवं बिहार कृषि सेवा कोटि-5 (पौधा संरक्षण) संवर्ग के 36 सहायक निदेशकों को नियुक्ति पत्र दिया गया था।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक अशोक प्रसाद, बेंकटेश नारायण सिंह, उमेश कुमार चौधरी, राम प्रकाश सहनी एवं बामेती के निदेशक डाॅ जितेंद्र प्रसाद समेत कृषि विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।