बेंगलुरु/पटना/02.01.2020। कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट उत्पादन के लिए बिहार को दो कृषि कर्मण पुरस्कार मिला। तुमकुर (कर्नाटक) में आयोजित एक समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार को पुरस्कार दिया। प्रत्येक पुरस्कार में दो करोड़ राशि, ट्राॅफी और प्रशस्ति पत्र है।
कृषि कर्मण पुरस्कार के लिए बिहार का चयन मोटे अनाज की श्रेणी में मक्का (2016-17) और गेहूं (2017-18) के लिए किया गया था। बिहार को इससे पहले भी चावल, गेहूं एवं मक्का उत्पादन के लिए तीन कृषि कर्मण पुरस्कार मिल चुका है।
मक्का उत्पादन के लिए किसान मदन कुमार सिंह, दिघलबैंक (किशनगंज) एवं किसान मृदुला (जमुई) को पुरस्कृत किया गया। गेहूं उत्पादन के लिए किसान तरूण कुमार विकास, धरहरा (मुंगेर) और बबिता, अलौली (खगड़िया) को सम्मान मिला।
डाॅ प्रेम कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि बिहार के अन्नदाता की कड़ी मेहनत, कृषि वैज्ञानिक एवं अधिकारियों के प्रयास, राज्य सरकार की इच्छाशक्ति और केंद्र सरकार के अतुलनीय सहयोग का सार्थक परिणाम है।
2016-17 में मक्का का कुल उत्पादन 38.46 लाख मीट्रिक टन और उत्पादकता 53.35 क्विंटल प्रति हेक्टेयर दर्ज की गई, जो राष्ट्रीय स्तर पर रिकाॅर्ड है। इसी तरह 2017-18 में राज्य में गेहूं का कुल उत्पादन 61.04 लाख मीट्रिक टन तथा उत्पादकता 29.05 क्विंटल प्रति हेक्टेयर दर्ज की गई।