गया/मुंगेर।धर्म गुरु दलाई लामा से बोधगया में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। लगभग आधे घंटे तक उन्होंने परम पावन दलाई लामा से बातचीत की। पर्यावरण संकट से बचाव के लिए बिहार में चलाये जा रहे जल-जीवन-हरियाली अभियान की जानकारी दी।
सीएम ने उन्हें बताया कि गया और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल की समस्या दूर करने के लिए उपाय किये जा रहे हैं। गंगा का पानी गया तक पहुंचाने की योजना पर भी काम हो रहा है। बिहार सरकार के प्रयासों की दलाई लामा ने सराहना करते हुए कहा कि इससे विश्व में एक बड़ा संदेश जायेगा। मुख्यमंत्री ने दलाई लामा को प्रतीक चिह्न के रूप में भगवान बुद्ध की मूर्ति भेंट की। साथ ही गया से संबंधित एक काॅफी टेबुल बुक भी उन्हें दिया। परम पावन ने सीएम को खादा पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

बाद में मुख्यमंत्री ने विश्व योगपीठ, मुंगेर जाकर स्वामी सत्यानंद सरस्वती के चित्र को नमन किया। उन्होंने योगपीठ के प्रधान पद्म भूषण स्वामी निरंजनानंद सरस्वती से भी मुलाकात की।