पटना। राज्यस्तरीय पुष्प (फूल) प्रदर्शनी सह प्रतियोगिता का आयोजन छह से आठ फरवरी तक ज्ञान भवन में होगा। आयोजन बिहार बागवानी विकास सोसाईटी ने किया है। बिहार के पुष्प उत्पादक, किसान, माली, नर्सरी प्रोपराईटर एवं पुष्प प्रेमी प्रदर्शनी में भाग ले सकते हैं। इच्छुक व्यक्ति विभाग की वेबसाईट horticulture. bihar. gov. in पर रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे।
कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने बताया कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य बिहार के फूल उत्पादकों को गुणवत्तायुक्त फूल उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करना, उत्कृष्ट उत्पादन में स्वच्छ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना एवं लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना है। प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रथम पुरस्कार के रूप में पांच हजार रुपये, दूसरे पुरस्कार के लिए चार हजार रुपये, तीसरे के लिए तीन हजार रुपये एवं प्रशस्ति पत्र दिया जायेगा। इनके अतिरिक्त एक विजेता को विशिष्ट पुरस्कार के रूप में दस हजार रुपये एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जायेगा।