बोधगया के कालचक्र मैदान में बौद्ध महोत्सव 2020 का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। महोत्सव का आगाज बुद्धं शरणं गच्छामि, धम्मं शरणं गच्छामि, संघं शरणं गच्छामि के स्वर से हुआ। महोत्सव में शिरकत करने आयी प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं सांसद हेमा मालिनी का अभिनंदन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में देश-विदेश से आये कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महोत्सव में बड़ी संख्या में बौद्ध श्रद्धालु एवं विदेशी पर्यटक हिस्सा ले रहे हैं। इससे लोगों का बौद्ध धर्म, बोधगया और भगवान बुद्ध के प्रति श्रद्धा का पता चलता है। बोधगया ऐतिहासिक भूमि है। दलाई लामा प्रत्येक वर्ष कालचक्र पूजा के दौरान बोधगया आते हैं। उनका कहना है कि भगवान बुद्ध का उपदेश पूरी तरह वैज्ञानिक था।

पहले बौद्ध महोत्सव का आयोजन साधारण तरीके से होता था। अब इसे काफी व्यापक स्वरूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि बीटीएमसी के सचिव दोरजे ने महाबोधि मंदिर के विकास के लिए काफी काम किया है। बोधगया के विकास के लिए महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र का निर्माण किया जा रहा है। महोत्सव से पहले सीएम ने मुचलिंद एवं माया सरोवर सरोवर के विकास का निर्देश दिया।
बौद्ध महोत्सव को डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा, डॉ प्रेम कुमार व कृष्ण कुमार ऋषि एवं डीएम अभिषेक कुमार ने भी संबोधित किया।