भोजपुरी स्टार पवन सिंह बिहार विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा है, मैं पवन सिंह अपने भोजपुरिया समाज से बताना चाहता हूं कि बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए मैंने पार्टी ज्वाइन नहीं किया है। मैं पार्टी का सच्चा सिपाही हूं और रहूंगा।
पवन सिंह एक सप्ताह पहले भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए। सोशल मीडिया पर उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ एक तस्वीर भी जारी की है।
बताया जा रहा है कि पत्नी ज्योति से चल रहे विवादों के कारण पवन सिंह ने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है।

ज्योति ने एक दिन पहले जनसुराज प्रमुख प्रशांत किशोर से पटना में मुलाकात की थी। उन्होंने कहा कि वह चुनाव का टिकट मांगने नहीं आयी है बल्कि अपने साथ हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने आयी है। प्रशांत किशोर ने ज्योति को आश्वस्त किया कि जनसुराज उनके साथ है।
यूपी की सीमा से सटे बिहार के कई जिलों में बड़ी संख्या में भोजपुरी स्टार पवन सिंह के फैंस हैं। पवन के बीजेपी में शामिल होने से बिहार चुनाव में एनडीए को फायदा हो सकता है।
पवन सिंह ने 2024 का लोकसभा चुनाव काराकाट सीट से निर्दलीय लड़ा था। वे दूसरे नंबर (2,74,723 वोट) पर रहे। इस चुनाव में पवन सिंह के कारण उपेंद्र कुशवाहा की हार हुई। एनडीए प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा तीसरे नंबर (2,53,876 वोट) पर रहे।