मुख्य समाचार

पाटलिपुत्र टेक्नोलाॅजी पार्क का होगा विस्तार 

पटना । पाटलिपुत्र स्थित साॅफ्टवेयर टेक्नोलाॅजी पार्क ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) का विस्तार भारत सरकार के सहयोग से शीघ्र शुरू होगा। इस पर लागत 53 करोड़ है। इसके अलावा बिहटा में 58 एकड़ में आईटी पार्क और पटना के डाकबंगला चौराहा के पास आईटी टाॅवर के लिए जमीन चिन्ह्ति की गई है। डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी ने आईटी से जुड़े लोगों से बजट पूर्व परिचर्चा के बाद उक्त जानकारी दी। बैठक में वित्त विभाग के प्रधान सचिव एस. सिद्धार्थ और आईटी सचिव राहुल सिंह के अलावा अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।

डिप्टी सीएम ने कहा कि दरभंगा और भागलपुर में भी दो-दो एकड़ जमीन में एसटीपीआई का निर्माण शुरू होगा। बिहटा के नाइलेट परिसर में नई टेक्नोलाॅजी के और भी कोर्स शुरू किये जायेंगे। बक्सर और मुजफ्फरपुर में साॅफ्टवेयर प्रशिक्षण के लिए नाइलेट केंद्र का निर्माण प्रस्तावित है। भविष्य में तकनीक को ध्यान में रख कर नाइलेट केंद्र को ही एडवांस ट्रेनिंग सेंटर के तौर पर विकसित किया जा सकता है। पटना के बिस्कोमान टाॅवर में भी साॅफ्टवेयर डेवलपर के लिए ऑफिस की जगह उपलब्ध है।

परिचर्चा में आईआईटी, बीआईटी, एनआईटी एवं नाइलेट के अलावा साॅफ्टवेयर व हार्डवेयर स्टार्टअप, काॅल सेंटर, स्किल डेवलपमेंट, काॅमन सर्विस सेंटर एवं टेली मेडिसीन क्षेत्र के करीब दो दर्जन से अधिक लोगों ने अपने सुझाव दिए। 
 


संबंधित खबरें