पटना। खेतों में तैयार रबी फसल को असमय हुई बारिश से नुकसान हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग से मिली जानकारी से अनुसार बिहार में 13 मार्च की सुबह आठ बजे से 14 मार्च के आठ बजे के बीच 15.6 मिलीमीटर बारिश हुई है जबकि इस अवधि में मात्र 0.2 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए। ऐसी स्थिति में दलहन, तेलहन एवं गेहूं की फसल को नुकसान हुई है।
कृषि मंत्री डाॅ प्रेम कुमार ने कहा कि फसलों को हुई क्षति के आकलन के लिए सभी जिला कृषि पदाधिकारी एवं प्रमंडलीय संयुक्त निदेशक को निर्देश दिया गया है। सभी किसान सलाहकार, कृषि समन्वयक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे क्षति का आकलन कर रिपोर्ट दें।
उन्होंने कहा कि किसानों को नुकसान की भरपाई के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। आपदा की स्थिति में सरकार के खजाने पर पहला हक आपदा पीड़ितों का है। फरवरी में हुई फसल क्षति की भरपाई के लिए 11 जिलों के किसानों को कृषि इनपुट अनुदान उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।