पटना। खाद्य सामान की आपूर्ति के लिए ई-कॉमर्स एवं रिटेल चेन से जुड़ी कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ डीएम कुमार रवि ने बैठक की। लॉकडाउन की स्थिति में उन्होंने आम लोगों के लिए आवश्यक सेवा बहाल रखने एवं दैनिक उपयोग की खाद्य सामग्री की उपलब्धता बनाये रखने का निर्देश दिया।
बैठक में विशाल मेगा मार्ट, बिग बाजार, बिग बास्केट, एमवे एवं नाइन टू नाइन समेत कई कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद थे। इन्हें दैनिक उपयोग की खाद्य सामग्री की बिक्री के लिए दुकान खोलने एवं होम डिलीवरी करने का निर्देश दिया गया। सामान के परिवहन के लिए वाहन एवं दुकान में कार्यरत कर्मियों को पास निर्गत करने के लिए कहा गया।
डीएम ने बताया कि इस व्यवस्था से मार्केट में खपत एवं आपूर्ति के अनुसार सामान की उपलब्धता बनी रहेगी। साथ ही लोगों को उचित मूल्य पर सामान भी मिलेगा। बैठक में डीडीसी रिचि पांडे, आपूर्ति पदाधिकारी जैनेंद्र कुमार, एडीएम निर्मल कुमार, एसडीओ तनय सुल्तानिया समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।