पटना। बिहार में रोजगार के इच्छुक व्यक्तियों को अपने ग्राम पंचायत में ही काम मिलेगा। इसके लिए जिला प्रशासन पास जारी करेगा। रोजगार चाहने वालों को हर घर नल का जल, हर घर तक पक्की गली-नालियां, जल-जीवन-हरियाली के अंतर्गत तालाबों का जीर्णोद्धार एवं उड़ाही, बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य एवं मनरेगा कार्यों में लगाया जायेगा। सभी कार्यों में सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ख्याल रखने का निर्देश है ।
कोरोना संक्रमण से बचाव एवं राहत कार्य पर आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रोजगार सृजन संबंधित कई निर्देश दिये। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सभी प्रमंडलीय आयुक्त, रेंज आईजी एवं डीआईजी के साथ विस्तृत चर्चा की। सीएम के साथ बैठक में मुख्य सचिव, डीजीपी एवं सीएम सचिवालय के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
60 से अधिक उम्र, कोरोना के लक्षण वाले व्यक्ति और ऐसा परिवार जिसका कोई सदस्य गत 15 दिनों में बाहर से आया हो, उन्हें पास निर्गत करने पर प्रतिबंध रहेगा। बैठक में निर्णय लिया गया सभी प्रावधानों को शामिल कर एक आदेश अलग से जारी किया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए फसल की कटाई जारी रहनी चाहिए। कोरोना संक्रमण के साथ एईएस और जापानी इंसेफ्लाइटिस से बचाव के लिए भी पर्याप्त तैयारी रखें।
सभी अधिकारियों को लॉकडाउन का पूर्ण पालन, अंतर्राज्यीय बॉर्डर पर सख्ती से जांच, इंडो-नेपाल बॉर्डरों को सील करना, बाजारों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराना एवं क्वारेंटाइन में रह रहे लोगों की निगरानी के भी निर्देश दिये गये।