नई दिल्ली। सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिसिनल एंड एरोमेटिक प्लांट्स (सीमैप), लखनऊ ने दो नये हर्बल उत्पाद सिम पोषक और हर्बल कफ सिरप विकसित किये हैं। ये हर्बल उत्पाद रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक हैं। साथ ही सूखी खांसी के लक्षणों को कम करने में मददगार भी हो सकते हैं।
सीमैप वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) की एक प्रयोगशाला है। सीमैप ने अपने हर्बल उत्पाद सिम पोषक और हर्बल कफ सिरप की तकनीक को उद्यमियों और स्टार्ट अप कंपनियों को देने का निर्णय लिया है। इन उत्पादों में पुनर्नवा, अश्वगंधा, मुलेठी, हरड़, बहेड़ा और सतावर सहित 12 मूल्यवान जड़ी बूटियों का उपयोग किया गया है।
सीमैप के प्रमुख शोधकर्ता डॉ डीएन मणि ने बताया कि वैज्ञानिक अध्ययनों में सिम पोषक को बाजार में उपलब्ध उत्पादों की तुलना में बेहतर पाया गया है। यह अन्य उत्पादों की तलना में सस्ता भी है। हर्बल कफ सिरप को आयुष मंत्रालय के नये दिशा-निर्देशों के आधार पर विकसित किया गया है। इसे आयुर्वेद के त्रिदोष सिद्धांत पर तैयार किया गया है।