पटना। 25 मई (सोमवार) से शुरू हो रही घरेलू विमान सेवा के लिए एयर टिकट ही पास का काम करेगा। एयरपोर्ट तक आने-जाने के लिए संबंधित यात्रियों को अलग से पास की आवश्यकता नहीं होगी।
यात्रियों को अपने गंतव्य स्थान तक जाने के लिए किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए जिला प्रशासन ने पर्याप्त संख्या में ऑटो, ई रिक्शा, टैक्सी, ओला एवं उबेर की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। निजी वाहनों का उपयोग गंतव्य स्थान तक जाने के लिए किया जा सकता है।
विमानों के परिचालन संबंधित व्यवस्था का जायजा लेने के लिए डीएम कुमार रवि एवं एसएसपी उपेंद्र शर्मा ने पटना एयरपोर्ट का निरीक्षण किया एवं आवश्यक निर्देश दिये। स्क्रीनिंग के लिए पर्याप्त संख्या में मेडिकल टीम तैनात रहेगी। एयरपोर्ट एवं टर्मिनल एरिया में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन, यात्रियों को मास्क लगाने एवं सैनिटाइज कराने का निर्देश दिया गया। बाहर से आने वाले सामान्य यात्रियों के लिए क्वारंटाइन की जरूरत नहीं होगी।
इस दौरान पटना एयरपोर्ट के निदेशक बीसीएच नेगी, ट्रैफिक एसपी डी अमरकेश, जिला प्रशासन एवं एयरपोर्ट के कई अधिकारी उपस्थित थे।