पटना। मुजफ्फरपुर की शाही लीची की बिक्री के लिए चलंत वाहन को डीएम कुमार रवि ने हिंदी भवन परिसर से रवाना किया। पटना में उचित मूल्य पर शाही लीची की बिक्री जीविका से जुड़ीं महिलाएं कर रही हैं। इस कार्य में महिला किसान उत्पादक संघ, मुजफ्फरपुर सहयोग कर रहा है।
जीविका के जिला प्रोग्राम प्रबंधक संतोष कुमार ने बताया कि प्रतिदिन 250 किलोग्राम लीची पटना में बेचने का लक्ष्य है। पहले बिचौलिये बिक्री करते थे। इस कारण मुनाफा कम होता था। अब चलंत वाहन के प्रयोग एवं बिचौलिये के हट जाने से महिलाओं को अच्छा मुनाफा हो रहा है।
डीएम ने कहा कि लीची को उचित मूल्य पर बेचा जा रहा है। यह जीविका दीदियों की आय का सशक्त माध्यम बन गया है। इस अवसर पर डीडीसी रिची पांडे एवं डीपीओरओ प्रमोद कुमार समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।