मुख्य समाचार

निर्धारित शर्तों के साथ आठ जून से खुलेंगे सभी धार्मिक स्थल  

पटना। आठ जून से सभी धार्मिक स्थल निर्धारित शर्तों के साथ खुल रहे हैं। सभी मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा एवं चर्चों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई व्यवस्था की है। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए 65 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्ति एवं 10 साल से कम उम्र के बच्चों को धार्मिक स्थल नहीं जाने की सलाह दी गई है। 

तख्त श्री हरिमंदिर, पटना साहिब में सेनिटाइजेशन टनल, हैंड वाॅश, सेनिटाइजर एवं मास्क की व्यवस्था की गई है। प्रबंधक कमिटी के महासचिव महेंद्र पाल सिंह ढिल्लन ने बताया कि दशमेश पिता गुरु गोविंद सिंह जी की पावन धरती पर आने वाले श्रद्धालुओं को सोशल डिस्टेंस का पालन करना अनिवार्य होगा। जिनके पास मास्क नहीं होगा, उन्हें मास्क उपलब्ध कराया जायेगा। सभी उपाय संगत की सुरक्षा को देखते हुए की जा रही है। 

राज्य धार्मिक न्यास परिषद ने भी धार्मिक स्थलों के लिए निर्देश जारी किया है। अध्यक्ष अखिलेश कुमार जैन ने बताया कि कंटेनमेंट जोन से बाहर के सभी मंदिर, मठ एवं ठाकुरबाड़ी निर्धारित शर्तों के साथ खुलेंगे। मंदिर में सिर्फ दर्शन की अनुमति होगी। परिसर में किसी तरह के धार्मिक आयोजन एवं अनुष्ठान पर अगले आदेश तक रोक रहेगी।
 


संबंधित खबरें