पटना। बिहार के लिए मौसम विज्ञान केंद्र ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अत्यधिक बारिश का सर्वाधिक प्रभाव नेपाल के तराई वाले 18 जिलों पर पड़ने की आशंका है। ये जिले पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, सीतामढ़ी, शिवहर, सारण, गोपालगंज एवं सीवान हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के निदेशक आनंद शंकर ने बताया कि मौसम की वर्तमान गतिविधि एवं माॅडल आकलन के अनुसार राज्य के अधिकतर भागों में अगले 72 घंटे के दौरान भारी बारिश एवं वज्रपात की आशंका है। इस कारण नदियों के जल स्तर में वृद्धि, जान-माल की क्षति, यातायात एवं बिजली सेवा बाधित हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों से सावधानी बरतने एवं सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी है।