नई दिल्ली। कोविड-19 से निपटने के लिए राष्ट्रीय रसायन और उर्वरक लिमिटेड (आरसीएफ) ने आइसो प्रोपाइल अल्कोहल (आईपीए) आधारित हैंड क्लींजिंग जेल आरसीएफ सेफरोला पेश किया है।
आरसीएफ के अनुसार यह हैंड क्लींजिंग जेल त्वचा के अनुकूल मॉइस्चराइजर आधारित हैंड सैनिटाइजर है। इसमें आइसो प्रोपाइल अल्कोहल (आईपीए) और एलोवेरा का मिश्रण है। इसे विटामिन ई से समृद्ध किया गया है और इसमें ताजे नींबू की खुशबू है।
जेल को 50 और 100 एमएल की बोतलों में क्रमश: 25 और 50 रुपये की किफायती कीमत पर उपलब्ध कराया गया है। आरसीएफ ने देशव्यापी वितरण नेटवर्क के माध्यम से इस उत्पाद को बाजार में लाने की योजना बनायी है।
आरसीएफ के सीएमडी एससी मुदगेरीकर ने कहा कि आरसीएफ सेफरोला जेल मौजूदा महामारी के प्रसार को नियंत्रित करने की दिशा में कंपनी की ओर से एक छोटा सा योगदान है। आरसीएफ एक मिनी रत्न कंपनी है। यह उर्वरक और रसायन का उत्पादन करती है।