मुख्य समाचार

कोरोना योद्धा व प्लाज्मा डोनर को मिलेगा विशेष आमंत्रण 

पटना। स्वतंत्रता दिवस समारोह में कोरोना योद्धा एवं प्लाज्मा डोनर विशेष आकर्षण के केंद्र होंगे। गांधी मैदान में होने वाले समारोह में उनके बैठने के लिए एक विशेष गैलरी की व्यवस्था रहेगी। समारोह के बाद जिला प्रशासन इन्हें सम्मानित करेगा।

प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में कोरोना योद्धाओं को आमंत्रित किया जा रहा है। इनमें पीएमसीएच, एनएमसीएच, आईजीआईएमएस, आरएमआरआई, एम्स एवं अन्य हॉस्पिटल के डॉक्टर, एएनएम, लैब टेक्नीशियन, पारा मेडिकल स्टाफ, पुलिसकर्मी, ट्रैफिक पुलिस, सिविल ऑफिसर, सफाईकर्मी, एंबुलेंस चालक एवं दवा दुकानदार सहित प्लाज्मा डोनर भी मौजूद रहेंगे।

गांधी मैदान में मुख्यमंत्री झंडोत्तोलन करेंगे। इस अवसर पर आर्मी, सीआरपीएफ, एसएसबी, सीआईएसएफ, बीएमपी, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सैप, श्वान दस्ता, फायर ब्रिगेड, होमगार्ड एवं एनसीसी की परेड होगी। किसी भी विभाग की झांकी नहीं निकलेगी। 

कोरोना संक्रमण पर जारी गाइडलाइन को देखते हुए समारोह में इस बार सीमित संख्या में ही अतिथि रहेंगे। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए बैठने की व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कई माध्यमों से किया जायेगा। 
 


संबंधित खबरें