मुख्य समाचार

आईटी रिटर्न व ऑडिट रिपोर्ट जमा करने की तिथि तीन माह बढ़ाने की मांग 

पटना। बिहार चैंबर ऑफ काॅमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने वित्त वर्ष 2019-20 के लिए आयकर रिटर्न एवं ऑडिट रिपोर्ट जमा करने की तारीख तीन माह और बढ़ाने की मांग की है। कोरोना संक्रमण एवं लाॅकडाउन को देखते हुए केंद्र सरकार ने 2019-20 के लिए आयकर रिटर्न फाइल करने की निर्धारित तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 30 नवंबर, 2020 कर दी है। ऑडिट रिपोर्ट रिटर्न फाइल करने की निर्धारित तिथि से एक माह पहले तक जमा करनी होती है।    

चैंबर अध्यक्ष पी.के. अग्रवाल ने कहा है कि राज्य में जहां एक ओर कोरोना के केस तेजी से बढ़ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर 16 जिले पूरी तरह बाढ़ से प्रभावित हैं। ऐसी परिस्थिति में करदाताओं को सभी तरह के आवश्यक कागजात को एकत्रित कर समय पर आयकर रिटर्न फाइल करना असंभव प्रतीत होता है । 

राज्य के उद्यमी, व्यवसायी एवं आम करदाताओं की परेशानी को ध्यान में रखते हुए आयकर रिटर्न की धारा 139(1) के अंतर्गत रिटर्न फाइल करने एवं ऑडिट  रिपोर्ट जमा करने के लिए नियत तिथि को तीन माह के लिए और बढ़ाना उचित रहेगा। साथ ही आयकर अधिनियम 1961 की धारा 234 एफ के प्रावधानों को वित्तीय वर्ष 2019-.20 के लिए निलंबित किया जाये। 

चैंबर अध्यक्ष ने इस सबंध में केंद्रीय वित्त मंत्री, सीबीडीटी के चेयरमैन, प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त (बिहार एवं झारखंड) एवं बिहार के डिप्टी सीएम को पत्र लिखा है। 
 


संबंधित खबरें