पटना। पारदर्शी कराधान-ईमानदार का सम्मान प्लेटफार्म की लांचिंग का स्वागत बिहार चैंबर ऑफ काॅमर्स एंड इंडस्ट्रीज और बिहार उद्योग संघ ने किया है। चैंबर अध्यक्ष पी.के.अग्रवाल ने कहा है कि फेसलेस अपील, फेसलेस एसेसमेंट एवं टैक्सपेयर चार्टर की शुरुआत आयकर विभाग की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनायेगा। साथ ही करदाताओं के लिए भी सुविधाजनक होगा।
एनआईसी ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुनने के लिए टेक्नोलाॅजी भवन, पटना में विशेष आयोजन किया था। इसमें प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त वीरेंद्र सिंह, आयकर आयुक्त आरबी मिश्रा, प्रणीत सिंह सचदेवा, आयकर निदेशक संजीव शर्मा के साथ चैंबर के प्रतिनिधि शामिल हुए।
चैंबर अध्यक्ष ने बताया कि टैक्सपेयर चार्टर के तहत करदाताओं की बातों पर विश्वास करना होगा और बिना आधार के शक नहीं किया जायेगा। करदाताओं के लिए नया सिस्टम फ्रेंडली होगा एवं सरकार का दखल कम होगा। आयकर विभाग ने अधिक पारदर्शिता लाने के लिए संचार या पत्र-व्यवहार में दस्तावेज पहचान संख्या (डिन) को आवश्यक बनाया है। नई प्रणाली से वर्तमान करदाताओं की परेशानी कम होने के साथ नये करदाता भी देश के विकास में योगदान के लिए प्रेरित होंगे ।