पटना। पुणे के प्रसिद्ध डगरू सेठ हलवाई गणपति का दरबार पटना में 22 अगस्त से सजेगा। तीन फीट की गणपति की प्रतिमा पुणे से आ गई है। पांच दिवसीय गणेश उत्सव 26 अगस्त तक चलेगा।
दारोगा प्रसाद राय पथ स्थित महाराष्ट्र मंडल के सचिव संजय भोसले ने बताया कि 22 अगस्त की सुबह 10 बजे प्रतिमा की स्थापना होगी। कोरोना संक्रमण के कारण इस बार आयोजन में काफी सावधानी बरती गई है। पहले उत्सव सात दिनों का होता था। इस बार पांच दिनों का ही होगा।
सिर्फ महाराष्ट्र मंडल के सदस्य ही पूजा में शामिल होंगे। अन्य श्रद्धालुओं के लिए फेसबुक पर लाइव दर्शन की व्यवस्था की गई है। इसे महाराष्ट्र मंडल पटना पर देखा जा सकता है। प्रसाद का वितरण भी इस बार नहीं होगा। मास्क पहन कर आने वाले सदस्यों को ही दर्शन की अनुमति मिलेगी। दर्शन से पहले उनकी थर्मल स्क्रीनिंग से जांच होगी। परिसर में हैंड सैनिटाइजर रखा गया है। फिजिकल डिस्टेंसिंग के साथ एक बार में सिर्फ दस श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे।