मुख्य समाचार

बंगाल केमिकल ने फिनाइल उत्पादन का बनाया रिकॉर्ड 

कोलकाता। बंगाल केमिकल्स एंड फार्मास्यूटिकल लिमिटेड (बीपीसीएल) ने एक दिन में फिनाइल की 51,960 बोतलों का उत्पादन कर नया रिकॉर्ड बनाया है। यह उपलब्धि पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना स्थित बीपीसीएल इकाई, पनिहाटी को हासिल हुई है। बंगाल केमिकल देश की पहली फार्मास्युटिकल कंपनी है, जो कई घरेलू, फार्मा और औद्योगिक उत्पादों का निर्माण करती है। 

कोविड-19 महामारी के कारण बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कंपनी ने अपने उत्पादन में वृद्धि की है। केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री डी.वी. सदानंद गौड़ा ने कंपनी के प्रबंधन और कर्मचारियों को सर्वाधिक उत्पादन का रिकॉर्ड बनाने के लिए बधाई दी है। 

बीसीपीएल के निदेशक पी.एम. चंद्रैया ने कहा कि बीसीपीएल के 120 साल पुराने इतिहास का यह सर्वोच्च रिकॉर्ड है। जुलाई 2020 में हमने एक दिन में फिनाइल की 38,000 बोतलों का उत्पादन करने में कामयाबी हासिल की थी। 23 अगस्त को 51,960 बोतलों का उत्पादन किया गया।

कोविड-19 महामारी से पहले कंपनी प्रतिदिन 15,000 बोतलों का उत्पादन करती थी। फिनाइल की मासिक बिक्री 3 से 3.5 करोड़ रुपये के बीच थी। कोविड प्रकोप के बाद बिक्री एक महीने में 4.5 से 6 करोड़ रुपये तक पहुंच गयी। 
 


संबंधित खबरें