पटना। वनबंधु परिषद महिलाओं के हाथों से बने सामान की बिक्री के लिए बाजार उपलब्ध कराएगी। इसके लिए समिति वर्चुअल लाइफ स्टाइल एकल एक्सपोजिशन का आयोजन 19 से 23 अक्टूबर तक करेगी। एक्सपो में महिलाएं अपने बने सामान को प्रदर्शित कर उसकी बिक्री बढ़ाएंगी। जानकारी वनबंधु परिषद् राष्ट्रीय महिला समिति पूर्वी क्षेत्र की चेयरपर्सन शांता शारदा ने दी।
एग्जीबिशन में एपरेल, ज्वेलरी, होम एंड डेकोर सहित अन्य श्रेणियों के उत्पादों का प्रदर्शन होगा। आयोजन को सफल बनाने में राष्ट्रीय महिला समिति की संरक्षक पुष्पा मुंधरा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अध्यक्ष लता मालपानी एवं सचिव विनीता जाजू के नेतृत्व में पूरी टीम जुटी है।
स्टाॅल बुकिंग के लिए रजिस्ट्रेशन फाॅर्म तथा एग्जीबिशन की जानकारी वनबंधु परिषद् की वेबसाइट एफटीएस इंडिया डाॅट कॉम पर उपलब्ध है। पांच हजार रुपये में महिलाओं को स्टाल उपलब्ध कराया जा रहा है। परिषद् के देश में फैले 36 चैप्टर एवं 31 महिला समितियां व्यक्तिगत रूप से प्रचार कर रही हैं।
चेयरपर्सन शांता शारदा ने बताया कि प्रदर्शनी से मिलने वाली राशि सूदूर ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में खर्च की जायेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऑनलाइन मार्केटिंग से महिलाओं को बहुत बड़ा कंज्यूमर बाजार उपलब्ध होगा। परिषद देश में एक लाख से अधिक स्कूल का संचालन कर रही है।