पटना/नई दिल्ली। आयकर विभाग ने खनन और होटल उद्योग से जुड़े रोहतास के व्यवसायी संजय सिंह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने छह अक्टूबर को पटना, सासाराम और वाराणसी में तलाशी और जब्ती की कार्रवाई की। विभाग ने इस मामले में एक बड़े सहकारी बैंक के अध्यक्ष की भी जांच की।
आयकर विभाग व्यवसायी के घर, एक होटल और विभिन्न वाहनों में निवेश के स्रोतों की भी जांच कर रहा है। जांच के दौरान मिले दस्तावेजों से यह पता चला है कि समूह ने पत्थरों का बेहिसाब और अवैध खनन किया था। यह भी पाया गया कि बही खातों में करोड़ों के क्रेडिट दर्ज हैं। इनकी वास्तविकता की जांच की जा रही है। 1.25 करोड़ रुपये की अस्पष्टीकृत नकद जब्त की गई है, जबकि छह करोड़ रुपये की एफडीआर को निषेधात्मक आदेशों के तहत रखा गया है।
30 सितंबर को पटना के बिस्कोमान भवन के समीप पुलिस ने व्यवसायी संजय सिंह की कार से 75 लाख रुपये नकद बरामद किए थे। जांच में यह बात आयी कि यह राशि बेहिसाब थी और इसके तार सहकारी बैंक के अध्यक्ष से भी जुड़े हैं। छापे के दौरान बेहिसाब नकदी और पर्याप्त नकदी लेन-देन के विवरण वाले दस्तावेज मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया। ये लेन-देन आयकर रिटर्न में दी गई जानकारी के अनुरूप नहीं थे।