मुख्य समाचार

आयकर विभाग के राजपत्रित अधिकारी संघ ने की भूख हड़ताल 

पटना। आयकर विभाग के राजपत्रित अधिकारी संघ और कर्मचारी महासंघ के सदस्य विभिन्न मांगों को लेकर केंद्रीय राजस्व भवन में एक दिवसीय भूख हड़ताल और प्रदर्शन कार्यक्रम में शामिल हुए। अखिल भारतीय संयुक्त परिषद के आहवान पर 15 अक्टूबर को बिहार एवं झारखंड रीजन के राजपत्रित अधिकारी और कर्मचारियों ने आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया। 

आयकर राजपत्रित अधिकारी संघ के अध्यक्ष मिथिलेश कुमार, उपाध्यक्ष संतोष पासवान, महासचिव सह राष्ट्रीय संयुक्त सचिव रामजी प्रसाद सिंह ने बताया कि केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के लगातार निराशाजनक रवैये के कारण हमें यह कदम उठाना पड़ रहा है। हमारी लंबित मांगों में समय से प्रोमोशन, वेतन विसंगति को दूर करना, एडहाॅक अधिकारियों को नियमित करना एवं बिना कारण स्थानांतरण शामिल है।

संघ का कहना है कि 14 सूत्री मांगों के पूरा होने तक मजबूरन हमें कई कार्यों से अलग होना होगा। इनमें वैधानिक रिपोर्ट के अलावा कोई रिपोर्ट नहीं देना, ऑफिस की किसी बैठक में शामिल नहीं होना, नोटिस जारी करने एवं चार्ज लेने के लिए समय का बंधन नहीं एवं ऑफिस के व्हाट्सग्रुप से अलग होना शामिल है।     


संबंधित खबरें