राजगीर में 500 एकड़ में बन रहे नेचर सफारी में पर्यटकों के लिए ग्लास फ्लोर ब्रिज (स्काई वाॅक) एवं रोप-वे साइकलिंग का भी निर्माण हो रहा है। ग्लास ब्रिज को चीन स्थित ब्रिज की तर्ज पर बनाया गया है। नालंदा जिले में बन रहा ग्लास ब्रिज 200 फीट ऊंचा, 85 फीट लंबा एवं छह फुट चौड़ा है। इस ब्रिज का आनंद एक साथ 40 पर्यटक ले सकते हैं। ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला के बाद यह देश का दूसरा ग्लास ब्रिज है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नेचर सफारी स्थित सभी प्रोजेक्ट का जायजा लेने के बाद बताया कि मार्च तक ग्लास फ्लोर ब्रिज का काम पूरा हो जायेगा। यहां आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा के लिए पुलिस की स्थायी तैनाती की जाएगी। तकनीकी विशेषज्ञ भी यहां मौजूद रहेंगे।

भगवान बुद्ध और महावीर से जुडे़ होने के कारण राजगीर का ऐतिहासिक महत्व है। उन्होंने कहा कि इतिहास को संरक्षित कर नई पीढ़ी को प्रेरित करना हमलोगों का उद्देश्य है। इसके लिए पर्यटक केंद्रों को और अधिक विकसित किया जा रहा है। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। यहां खेल विश्वविद्यालय बनाने का भी निर्णय लिया गया है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सुरक्षा और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। नेचर सफारी में ही बन रहे जू सफारी के एनिमल केज, किचेन एवं अस्वस्थ जानवरों की देखभाल की व्यवस्था की भी जानकारी ली।