पटना सिटी। गुरु गोविंद सिंह महाराज का 354वां पावन प्रकाश उत्सव 18 से 20 जनवरी तक मनाया जाएगा। उत्सव को लेकर तख्तश्री हरिमंदिर, पटना साहिब एवं गुरु के बाग गुरुद्वारा में विशेष तैयार चल रही है। गुरु घर का आशीर्वाद लेने के लिए देश-विदेश से श्रद्धालुओं का पटना साहिब पहुंचने का सिलसिला जारी है।
तख्त पटना साहिब कमेटी ने धार्मिक फिल्म दिखाने के लिए मूवी वैन की व्यवस्था की है। वैन का उद्घाटन तख्त कमेटी के अध्यक्ष जत्थेदार अवतार सिंह हित, महासचिव मोहिंदरपाल सिंह ढिल्लन एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने किया। मूवी वैन के जरिए सिख इतिहास और साहिबजादों की शहादत पर बनी फिल्म दिखाई जाएगी।

प्रकाश उत्सव के मद्देनजर आठ जनवरी से लगातार कई कार्यक्रम हो रहे हैं। 17 जनवरी को प्रभातफेरी हांडी साहिब गुरुद्वारा एवं चितकोहरा स्थित गुरु सिंह गुरुद्वारा पहुंची। बड़ी प्रभातफेरी 18 जनवरी को पंज प्यारे की अगुवाई में तख्त साहिब से सुबह चार बजे बैंड- बाजे के साथ निकलेगी। प्रभातफेरी चमडोरिया, हाजीगंज, पुलपुर, मोर्चा रोड, स्टेशन रोड, चौक शिकारपुर, मंगल तालाब, नई सड़क और चौक होते हुए तख्त साहिब 8.30 बजे लौटेगी।
19 जनवरी को नगर कीर्तन गायघाट गुरुद्वारा से दोपहर एक बजे निकलेगा। यह अशोक राजपथ होते हुए रात आठ बजे तक तख्त साहिब लौटेगा। प्रभात फेरी एवं नगर कीर्तन के संयोजक दर्शन सिंह, तेजिंदर सिंह, प्रेम सिंह, रंजीत सिंह एवं इंद्रजीत सिंह बग्गा ने बताया कि जरूरत होने पर नगर कीर्तन कार्यक्रम में परिवर्तन भी किया जा सकता है।