पटना सिटी। गुरु गोविंद सिंहजी महाराज के 354वें प्रकाश पर्व पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तख्त श्री हरिमंदिर एवं बाल लीला गुरुद्वारा पहुंचे। उन्होंने गुरु के दरबार में मत्था टेका। बाल लीला गुरुद्वारा में बाबा कश्मीर सिंह भूरिवाले एवं छोटे बाबा सुखविंदर सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। वहां उन्होंने लंगर भी छका।
सीएम ने इस मौके पर कहा कि गुरु गोविंद सिंहजी का यहां जन्म होना हमलोगों के लिए गौरव की बात है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां आकर अपनी श्रद्धा प्रकट करते हैं। हमलोग भी हर वर्ष यहां आते हैं। यहां आकर मन को शांति मिलती है।
उन्होंने कहा कि 2017 में 350वां प्रकाश पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया था। उसके बाद से यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इस बार कोरोना की वजह से कार्यक्रम को सीमित रखा गया है। फिर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरु गोविंद सिंहजी की जन्मस्थली आ रहे हैं। गुरु नानक देवजी राजगीर आए थे। राजगीर में शीतल कुंड है और वहां भी गुरुद्वारा बन रहा है।
इस अवसर पर तख्त हरिमंदिर प्रबंधक समिति के अध्यक्ष सरदार अवतार सिंह, तख्त पटना साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रंजीत सिंह एवं महासचिव महेंद्र पाल सिंह ढिल्लन, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति अमृतसर की अध्यक्ष बीबी जगीर कौर, आनंदपुर साहिब के पूर्व सांसद सरदार प्रेम सिंह चंदू माजरा, बिहार के पूर्व मुख्य सचिव जीएस कंग, सिख संगत, सेवादार एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।