पटना। तख्त पटना साहिब कमिटी ने महिला दिवस पर 400 बच्चियों को छात्रवृत्ति देने की घोषणा की है। कमिटी ने निर्णय लिया कि 12वीं कक्षा में उच्चतम अंक पाने वाली बच्चियों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश पर्व के अवसर पर संख्या 400 रखी गई है।
अध्यक्ष जत्थेदार अवतार सिंह हित ने कहा कि गुरु नानक देव से लेकर सभी गुरुओं ने यह शिक्षा दी है कि नारी जाति का सम्मान करना चाहिए। गुरु साहिब ने कहा था ‘‘सौ क्यों मंदा आखिए जित जनमे राजान’’। इसका भाव है कि किसी राजा को जन्म जब एक महिला देती है, तब वह अछूत कैसे हो सकती है। इसलिए हमें लड़के और लड़कियों में कोई भेदभाव नहीं करनी चाहिए। आज देश की महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं।
महासचिव महेंद्रपाल सिंह ढिल्लन ने कहा कि हमें हर रोज महिला दिवस मनाना चाहिए। नारी जाति को पूरा सम्मान देना चाहिए। बच्चे के जन्म से लेकर अंत तक महिला मां, बहन एवं पत्नी के रूप में पुरुष का ध्यान रखती है।