मुख्य समाचार

वनबंधु परिषद के अध्यक्ष बने विजय किशोरपुरिया

पटना। वनबंधु परिषद, पटना चैप्टर के नए अध्यक्ष विजय किशोरपुरिया होंगे। रविवार को हुई वार्षिक आमसभा में वर्ष 2021-2023 के लिए नए अधिकारियों का चयन किया गया। रमेश चंद्र गुप्ता कार्यकारी अध्यक्ष, सुजीत कुमार सिंघानिया सचिव एवं गोपाल मोदी कोषाध्यक्ष चुने गए।  

महिला चैप्टर में केशरी अग्रवाल को अध्यक्ष, रितु अग्रवाल सचिव, नीलम केजरीवाल कोषाध्यक्ष एवं परमात्मा भगत को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया। निवर्तमान अध्यक्ष राधेश्याम बंसल ने बताया कि बिहार के सुदूर क्षेत्र में पहले करीब तीन हजार एकल विद्यालय थे। अब इनकी संख्या 5700 हो गई है। देश में एक लाख से अधिक एकल विद्यालयों का संचालन परिषद करता है।

सभी विद्यालय बिना किसी सरकारी सहयोग के संचालित होते हैं। अभियान के तहत शिक्षा से वंचित बच्चों को शिक्षित करने, ग्रामीणों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने एवं भारतीय अध्यात्म और संस्कृति से परिचित कराने का कार्य किया जाता है। साथ ही स्वच्छ भारत अभियान के तहत उन्हें साफ रहने एवं सामान्य बीमारियों के प्राथमिक उपचार की भी जानकारी दी जाती है।
 


संबंधित खबरें