मुख्य समाचार

कलश स्थापना के साथ कोरोना से मुक्ति की कामना

पटना। चैत्र नवरात्र पर महावीर मंदिर में कलश स्थापना की गई। ऊपरी तल्ले पर मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष पंडित जटेश झा ने कलश स्थापना की। महावीर मंदिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने समस्त विश्व को कोरोना महामारी से मुक्ति की कामना की। 

उन्होंने नए विक्रम संवत्सर के पहले दिन सभी को नए साल की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि चैत्र मास की नवमी तिथि, जिसे रामनवमी के रूप में मनाया जाता है, को मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम ने अवतार लिया था। अपने मानव जीवन काल में उन्होंने सबको साथ लेकर चलने का आदर्श प्रस्तुत किया। 

आज के समय में जब संसार में आपसी सद्भाव और सामंजस्य की कमी दिखती है। हमें श्रीराम के व्यक्तित्व से प्रेरणा लेनी चाहिए। कलश स्थापना के समय रामचरितमानस और बाल्मीकि रामायण के पाठ का भी संकल्प किया गया। महावीर मंदिर में पूरे नवरात्रि अवधि में महर्षि बाल्मीकि और गोस्वामी तुलसीदास रचित महाग्रंथों का पाठ किया जाता है। 

राज्य सरकार के आदेश के आलोक में आम श्रद्धालुओं का प्रवेश मंदिर में नहीं हुआ। प्रवेश द्वार के समीप स्थित नैवेद्यम काउंटर से श्रद्धालुओं ने प्रसाद खरीदा और बाहर से ही अपने अराध्य को प्रणाम किया। बंदी काल में भगवान की चारों पहर आरती और पूजा पूर्व निर्धारित दिनचर्या से हो रही है।
 


संबंधित खबरें