मुख्य समाचार

15 जून से शुरू होगी सोने के आभूषणों की हॉलमार्किंग

नई दिल्ली। सोने के आभूषणों की हॉलमार्किंग 15 जून, 2021 से शुरू हो रही है। कोविड को देखते हुए सरकार ने आभूषण कारोबारियों के इस अनुरोध को स्वीकार कर लिया है कि इससे जुड़े मुद्दों को हल करने के लिए कुछ और समय दिया जाए। इससे पहले यह योजना 1 जून, 2021 से शुरू होने वाली थी। 

वर्तमान में केवल 30 प्रतिशत भारतीय स्वर्ण आभूषण ही हॉलमार्क वाले हैं। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के अनुसार भारत में करीब 4 लाख ज्वैलर्स हैं। इनमें से सिर्फ 35879 ही बीआईएस सर्टिफाइड हैं।

हॉलमार्किंग क्रियान्वयन के मुद्दों को हल करने के लिए एक समिति का गठन किया गया है। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के महानिदेशक प्रमोद तिवारी समिति के संयोजक होंगे। उपभोक्ता मंत्रालय में अपर सचिव निधि खरे, ज्वैलर्स एसोसिएशन, व्यापार तथा हॉलमार्किंग निकायों के प्रतिनिधि समिति में होंगे। 

उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण, रेलवे तथा वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोने के आभूषणों की अनिवार्य हॉलमार्किंग के कार्यान्वयन में हुई प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वर्ण आभूषणों में भारत के पास विश्व के सर्वोत्तम मानक होने चाहिए। ग्राहकों को बिना किसी और देरी के हॉलमार्क प्रमाणित सोने के आभूषण जल्द से जल्द पूरे देश में मिलने चाहिए। 

समीक्षा बैठक में सर्राफा व्यापार के विभिन्न संघ, हॉलमार्किंग केंद्र, ज्वैलर्स, निर्यात निकाय एवं भारतीय मानक ब्यूरो के अधिकारियों ने भाग लिया। सरकार ने 15 जनवरी, 2020 को सोने के आभूषण एवं कलाकृतियों की अनिवार्य हॉलमार्किंग के लिए आदेश जारी किया था। कारोबारियों की परेशानी को देखते हुए गैर हॉलमार्क वाले आभूषणों के पुराने स्टॉक को हटाने के लिए अंतिम तिथि 1 जून 2021 तक बढ़ा दी गई थी। 


संबंधित खबरें