मुख्य समाचार

थर्ड जेंडर की मदद के लिए खुला गरिमा गृह 

पटना। थर्ड जेंडर को समाज की मुख्यधारा में लाने एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए गरिमा गृह संस्था का शुभारंभ डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने किया। राजकीयकृत गांधी उच्च माध्यमिक स्कूल, खगौल परिसर में संस्था का शुभारंभ किया गया। 

इस अवसर पर डीएम ने कहा कि वर्तमान सामाजिक परिदृश्य में थर्ड जेंडर के प्रति असमानता की भावना को दूर करने एवं उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए सरकारी सहयोग से गरिमा गृह का शुभारंभ किया गया है। इसका उद्देश्य उनके व्यक्तित्व में कौशल विकसित कर परंपरागत रोजगार से अलग अन्य रोजगार के प्रति प्रेरित करना है। 

गरिमा गृह की परियोजना निदेशक सह दोस्ताना सफर की सचिव रेशमा प्रसाद ने बताया कि थर्ड जेंडर के लिए सिलाई-बुनाई, कंप्यूटर, नृत्य एवं संगीत सहित कई कार्यों में प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। अभी अस्थायी तौर पर इस स्कूल में शुरुआत की गई है। स्थायी जगह मिलते ही संस्था को स्थानांतरित किया जाएगा।

इस मौके पर स्कूल परिसर में ही थर्ड जेंडर के लिए टीकाकरण कार्यक्रम की भी शुरुआत की गई। करीब 50 थर्ड जेंडर ने टीकाकरण कराया एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया। डीएम के साथ एडीएम विनायक मिश्रा, डीईओ नीरज कुमार, दानापुर के एसडीओ एवं कार्यपालक पदाधिकारी भी मौजूद थे।
 


संबंधित खबरें