फतुहा (पटना)। फतुहा इंडस्ट्रियल एरिया में साईंनाथ पॉलीमर की नई यूनिट का उद्घाटन डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद और उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने किया। टाॅपलाइन ब्रांड के नाम से कंपनी सीपीवीसी पाइप, फिटिंग्स एवं वाटर टैंक का निर्माण करती है।
कंपनी के चेयरमैन पवन पालीवाल ने यूनिट की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह संयंत्र जर्मन तकनीक पर आधारित पूर्वोत्तर भारत का आधुनिक संयंत्र है। इस मौके पर डिप्टी सीएम ने कहा कि बिहार में औद्योगिक प्रतिष्ठानों की संख्या और बढ़ेगी एवं रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। राज्य सरकार औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए हर तरह की सुविधा दे रही है।

उद्योग मंत्री ने कहा कि बिहार में उद्योगों की स्थापना के लिए यह स्वर्णिम काल है। राज्य में नए उद्योग के लिए अनुकूल माहौल है। इसका परिणाम है कि बिहार और बाहर के छोटे-बड़े उद्यमी बिहार में उद्योग लगाने की संभावनाओं को तलाश रहे हैं।
साईंनाथ पॉलीमर की नई यूनिट में एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि काफी कम समय में हमने इथेनॉल उत्पादन क्षेत्र में सफलता हासिल की है। बिहार के लगभग सभी जिले में यूनिट लगाने के लिए निवेश प्रस्ताव मिले हैं। उद्योग मंत्री ने उम्मीद जतायी कि इथेनॉल पॉलिसी की तरह टेक्सटाइल एवं अन्य पॉलिसी को भी अप्रत्याशित सफलता मिलेगी।