पटना। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन 30 एवं 31 अगस्त को इस्कॉन कर रहा है, लेकिन श्रद्धालु इस बार भगवान कृष्ण का दर्शन नहीं कर पाएंगे। बुद्ध मार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर में निर्माण कार्य जारी होने के कारण आम लोगों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
इस्कॉन पटना के प्रवक्ता नंद गोपाल दास ने बताया कि मंदिर का निर्माण अंतिम चरण में है। पूरे परिसर में निर्माण सामग्री फैली हुई है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो। इस कारण दर्शनार्थियों के लिए मंदिर बंद रखने का निर्णय लिया गया है। सितंबर माह में मंदिर आमजनों के लिए खोला जाएगा।
मंदिर प्रबंधन ने आंतरिक व्यवस्था के तहत भगवान की आरती, कीर्तन एवं महाभिषेक का आयोजन किया है। 30 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं 31 अगस्त को इस्कॉन के संस्थापक स्वामी श्रील प्रभुपाद का 125वां आविर्भाव महोत्सव है।