पटना। दुर्गापूजा के मौके पर इस बार रामलीला, रावणवध एवं भरत मिलाप का कार्यक्रम कालिदास रंगालय में होगा। कोरोना महामारी को देखते हुए इस बार दशहरा कमिटी ट्रस्ट का कार्यक्रम तीन दिनों का ही होगा। यह निर्णय दशहरा कमिटी की जिला प्रशासन के साथ बैठक में लिया गया। दुर्गा पूजा सात अक्टूबर से शुरू हो रही है और 15 अक्टूबर को विजयादशमी के साथ समाप्त होगी।
पटना कमिटी के अध्यक्ष कमल नोपानी एवं सचिव अरुण कुमार ने गांधी मैदान में छोटे स्तर पर तीन दिनों के आयोजन का प्रस्ताव दिया था। इस प्रस्ताव को डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह एवं एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा ने वर्तमान परिस्थिति में उपयुक्त नहीं माना। बाद में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आयोजन कालिदास रंगालय में होगा।
14 अक्टूबर को रामलीला, 15 अक्टूबर को रावणवध एवं 16 अक्टूबर को भरत मिलाप का कार्यक्रम होगा। सामाजिक दूरी का पालन करते हुए सीमित संख्या में लोगों की भागीदारी होगी। कार्यक्रम का आयोजन वर्चुअल होगा, जिसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, यूट्यूब एवं ट्यूटर पर देखा जा सकता है।
एसडीओ एवं एसडीपीओ को स्थानीय परिस्थितियों का आकलन कर उचित निर्णय लेने एवं आवश्यक अनुमति देने का निर्देश दिया गया है। अगर कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते हैं, तो अनुमति को रद्द भी किया जा सकता है। आयोजन के दौरान पंचायत चुनाव 2021 के लिए लागू आदर्श आचार संहिता के पालन का भी निर्देश दिया गया है।