नई दिल्ली। जीएसटी काउंसिल की 45वीं बैठक 17 सितंबर को लखनऊ में होने जा रही है। केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में सभी राज्यों के वित्त मंत्री मौजूद रहेंगे। पेट्रोल और डीजल पर लागूू टैक्स संरचना को जीएसटी के दायरे में लाना बैठक का सबसे अहम मुद्दा होगा। इसके अलावा कई आइटम पर टैक्स का रिव्यू और कोविड से जुड़ीं दवाइयों पर जारी टैक्स छूट की तिथि बढ़ाने पर भी चर्चा होगी।
अभी पेट्रोल और डीजल पर राज्य सरकार वैल्यू एडेड टैक्स (वैट) और केंद्र सरकार सेंट्रल एक्साइज डयूटी लगा रही है। वर्तमान में कच्चे तेल का अधिक मूल्य और दोनों टैक्स के कारण पेट्रोल-डीजल की कीमत अधिक हो गई है। इसका असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। सभी आवश्यक सामान की कीमत काफी बढ़ गई है। केरल हाइकोर्ट ने जून, 2021 में ही जीएसटी काउंसिल को पेट्रोल और डीजल को जीएसटी के दायरे में लाने के लिए चर्चा कराने का निर्देश दिया था।