बांका जिला के पौराणिक मंदार पर्वत (बौंसी प्रखंड) पर रोपवे का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। उन्होंने मंदार पर्वत के शीर्ष पर स्थित जैन मंदिर में भगवान महावीर की पूजा-अर्चना कर बिहारवासियों के सुख,शांति एवं समृद्धि की कामना की। साथ ही मंदार पर्वत पर स्थित सीता कुंड को भी देखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदार पर्वत का पूरा इलाका शुरू से ही पर्यटक स्थल के रूप में प्रसिद्ध रहा है। रोपवे शुरू होने से पर्यटकों को काफी सुविधा होगी और अधिक से अधिक लोग यहां आएंगे। बिहार में पहले रोपवे सिर्फ राजगीर में था। आज मंदार पर्वत पर इसे शुरू किया गया है। इसके बाद राज्य के छह अन्य जगहों पर भी रोपवे शुरू किया जाएगा।

मंदार पर्वत के नीचे स्थित पापहरणी सरोवर के मध्य बने लक्ष्मी नारायण मंदिर में भी उन्होंने पूजा की। मुख्यमंत्री ने पापहरणी सरोवर में फाउंटेन लगाने एवं वोटिंग परिचालन शुरू करने, गेस्ट हाउस का विस्तार, मंदिर परिसर एवं मंदार पर्वत के सौंदर्यीकरण,पर्वत के चारों ओर ट्रैक पथ निर्माण का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि बांका जिले में कई ऐतिहासिक चीजें सामने आयी हैं। इसको लेकर काम किया जा रहा है। यहां पर पहले से ज्यादा पर्यटक आयेंगे। इसको लेकर पर्यटन विभाग, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के साथ स्थानीय प्रशासन भी सक्रिय है।